छत्तीसगढ़ में आज 44 महिलाओं सहित 108 माओवादियों ने जगदलपुर में आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादी पर तीन करोड़ 29 लाख रुपये का इनाम था। ये माओवादी बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में सक्रिय थे।
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की जानकारी के आधार पर, पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कई हथियार भी बरामद किए हैं। इनमें सात एके-47 राइफल, चार लाइट मशीन गन, 11 ग्रेनेड लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा लगभग तीन करोड़ 60 लाख रुपये नकद और एक किलोग्राम सोना भी बरामद किया गया। पहली जनवरी 2024 से अब तक बस्तर संभाग में कुल दो हजार छह सौ 25 माओवादी आत्मसमर्पण के बाद समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।