छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद आज अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। अद्यतन सूची के अनुसार राज्य में कुल एक करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 पंजीकृत मतदाता हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मसौदा सूची के प्रकाशन से पहले राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी। पुनरीक्षण प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या में 24 लाख 99 हजार 823 की कमी आई है।
अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट और मतदाता पोर्टल पर देखी जा सकती है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में नहीं है, वे प्रपत्र-6 के साथ घोषणा पत्र और आवश्यक सहायक दस्तावेज जमा करके ऑनलाइन या ऑफलाइन अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रकाशित विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार के लिए प्रपत्र-8 ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा किया जा सकता है।