अप्रैल 10, 2024 8:01 पूर्वाह्न

printer

छत्‍तीसगढ़: बस दुर्घटना में तीन महिलाओं सहित 12 लोगों की मौत, 15 घायल

छत्‍तीसगढ़ में कल शाम हुई एक बस दुर्घटना में तीन महिलाओं सहित 12 लोग मारे गए और 15 घायल हो गए। 10 घायलों की स्थिति गंभीर है। यह दुर्घटना उस समय हुई जब दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में प्राइवेट कम्‍पनी के कर्मचारी बस से अपने घर जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चालक बस पर अपना नियंत्रण खो बैठा और बस खापरी गांव के निकट खदान में जा गिरी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ राज्‍य आपदा राहत बल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को रायपुर के अस्‍पतालों में भर्ती कराया गया है।

छत्‍तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्‍णु देव साय ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपलब्‍ध कराई जाए। दुर्ग के जिला अधिकारी ने इस दुर्घटना की मजिस्‍ट्रेट से जांच कराने का आदेश दिया है।