छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज माओवादियों ने सुरक्षा बल के एक वाहन को विस्फोट कर उड़ा दिया जिसमें आठ जवान और वाहन चालक शहीद हो गए। यह घटना बस्तर डिविज़न के कुटरू थाना के अंबेली के पास हुई। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना में एक जवान लापता है। अधिकारियों के अनुसार इस वाहन में दंतेवाड़ा से जिला रिजर्व गार्ड- डीआरजी के करीब 15 जवान संयुक्त अभियान चलाने के बाद लौट रहे थे, तभी कुटरू-बेदरे मार्ग पर माओवादियों ने दल पर घात लगाकर हमला कर दिया। उग्रवादियों ने शक्तिशाली लैंडलाइन माइन विस्फोट कर सुरक्षाकर्मियों के वाहन को उड़ा दिया। विस्फोट के बाद माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी भी शुरू कर दी। इस घटना में पांच जवान घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Site Admin | जनवरी 6, 2025 5:27 अपराह्न
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में माओवादी हमले में 9 जवान शहीद
