छठी झारखण्ड विधानसभा का प्रथम बजट सत्र आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि राज्य सरकार लगातार साइबर अपराध पर लगाम लगा रही है। सरकार ने बाल श्रम के प्रति सख्त रुख अपनाया है, साथ ही सरकार औद्योगिक विकास के लिए प्रयत्नशील है।
अबुआ आवास, मंईयां सम्मान योजना से राज्य में बदलाव देखने को मिला है। कानून का राज सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विधायकों से राज्य के विकास के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
इस सत्र में पहली बार 21 नए विधायक शामिल हो रहे है। सत्र में कुल 20 कार्यदिवस होंगे। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 का तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश किया जायेगा। इसके साथ ही 3 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य का बजट भी पेश किया जायेगा।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने सभी विधायकों से सत्र के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।