जम्मू-कश्मीर में चूना पत्थर खनिज ब्लॉकों की पहली नीलामी कल जम्मू में औपचारिक रूप से शुरू होगी। इसका नेतृत्व कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी भी उपस्थित रहेंगे।
खान मंत्रालय ने कहा है कि यह केंद्र और राज्यों के बीच मज़बूत भागीदारी और क्षेत्र के लिए इस पहल के रणनीतिक महत्व को दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि यह उपलब्धि 2015 में खान और खनिज -विकास एवं विनियमन अधिनियम के तहत शुरू किए गए खनन सुधारों को आगे बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अनंतनाग, राजौरी और पुंछ ज़िलों में लगभग 314 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले कुल सात चूना पत्थर ब्लॉकों की पहचान की गई है। इन भंडारों में सीमेंट विनिर्माण, निर्माण और अन्य औद्योगिक अनुप्रयोगों के लिए महत्वपूर्ण उच्च गुणवत्ता वाले चूना पत्थर की प्रचुर संभावनाएँ हैं।