चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के साथ ही छत्तीसगढ़ में रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट में उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर तेरह नवंबर को मतदान होगा और तेईस नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया अट्ठारह अक्टूबर से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तिथि पच्चीस अक्टूबर तय की गई है। वहीं, अट्ठाईस अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तीस अक्टूबर है।
गौरतलब है कि बीते विधानसभा चुनाव में रायपुर दक्षिण सीट पर भारतीय जनता पार्टी के बृजमोहन अग्रवाल ने जीत हासिल की थी। इसके बाद लोकसभा चुनाव में श्री अग्रवाल की जीत के बाद रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी, जहां अब उपचुनाव होंगे।
नगरीय निकाय चुनाव के लिए कल 16 अक्टूबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची शुद्ध और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा अट्ठारह वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएं। गौरतलब है कि राज्य के एक सौ सड़सठ नगरीय निकायों में निर्वाचन होना है।