अप्रैल 2, 2024 9:27 अपराह्न

printer

चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों में विशेष पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव पर नजर रखने के लिए उत्तर प्रदेश समेत 6 राज्यों में विशेष पर्यवेक्षक और पुलिस पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। आयोग ने आज सर्कुलर प्रकाशित कर इसकी घोषणा की। उत्तर प्रदेश के अलावा, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विशेष व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अजय वी नायक को सामान्य विशेष पर्यवेक्षक, पूर्व आईपीएस अधिकारी मनमोहन सिंह को पुलिस का विशेष पर्यवेक्षक और सेवानिवृत्त भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी राजेश टुटेजा को विशेष व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग ने कहा कि शानदार ट्रैक रिकॉर्ड वाले इन पूर्व लोक सेवकों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान सतर्कता के साथ देखरेख का काम सौंपा गया है। ये पर्यवेक्षक खासकर पैसा, ताकत और फर्जी सूचना से पैदा होने वाली चुनौतियों की निगरानी करेंगे।