मई 19, 2024 5:17 अपराह्न

printer

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं कार्यक्रम

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों में मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए कई प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत चंबा जिला के विधानसभा क्षेत्र भटियात की स्वीप टीम द्वारा चुवाड़ी चौगान में चुनावी मेले के आयोजन किया गया जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना व चुनाव को पर्व की तरह मनाना था। इस मेले में सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों ने रैली निकाल कर मतदान का प्रचार किया और भारत का नक्शा बनाकर एक अनोखा प्रचार किया जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
इस मौके पर स्वीप टीम भटियात के नोडल अधिकारी डॉ आकाशदीप शर्मा ने बताया कि इस मेले में स्थानीय स्कूलों तथा प्रियदर्शनी बीएड कॉलेज के छात्रों ने भाग लिया। इस मौके पर एस डी एम भटियात पारस अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। स्वीप टीम व इलेक्शन कानूनगो  संजय शर्मा द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया तथा स्थानीय युवा मतदाताओं को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए कई खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। वहीं इस मौके पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि भटियात की स्वीप टीम इसके अलावा समय-समय पर अन्य आयोजनों को माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक कर रही है।