अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने चीन यात्रा की योजना को टाल दिया, क्योंकि उनका ईरान के साथ युद्ध के दौरान अमरीका में ही रहना जरूरी था। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने चीन से इस यात्रा को एक महीने के लिए स्थगित करने के लिए कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह चीन के साथ मुलाकात के लिए उत्सुक है, क्योंकि उनके आपसी संबंध बहुत अच्छे है।
राष्ट्रपति ट्रंप का 28 मार्च से 1 अप्रैल तक चीन का दौरा निर्धारित था। अभी उनकी चीन यात्रा की नई तारीखें घोषित नहीं की गई है।
राष्ट्रपति ट्रंप से इस सप्ताह युद्ध के समाप्त होने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि युद्ध शीघ्र ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि वह ईरान के खिलाफ कार्रवाई न करते, तो इसके और गंभीर परिणाम हो सकते थे। श्री ट्रंप ने यह भी कहा कि इस युद्ध में ईरान की सैन्य क्षमता पहले ही काफी कम हो चुकी है। उन्होंने सेना के अगले संभावित कदम के बारे में चर्चा करने से इनकार किया। जब उनसे शेष परमाणु सामग्री की सुरक्षा के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसका उत्तर देने से इनकार कर दिया।