चीन ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच पश्चिम एशिया में सैन्य अभियान रोकने का आग्रह किया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने बताया कि चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से बात की।
चीन के विदेश मंत्री ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद से भी बात की। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चीन क्षेत्रीय देशों द्वारा राजनयिक माध्यमों से विवादों को सुलझाने के प्रयासों का समर्थन करता है और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष से सऊदी अरब तथा अन्य खाड़ी देश प्रभावित हो रहे हैं।
चीन पहले ही अमेरिका-इस्राइल की संयुक्त सेनाओं द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों का विरोध कर चुका है। चीन ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को अतिरिक्त सुरक्षा उपाय करने और जल्द से जल्द ईरान छोड़ने की सलाह दी है। सोमवार तक तीन हजार से अधिक चीन के नागरिकों को ईरान से निकाला जा चुका है।