कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनके देश का चीन के साथ मुक्त व्यापार समझौता करने का कोई इरादा नहीं है। कार्नी की यह टिप्पणी अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा कनाडा पर 100 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाने की धमकी के बाद आई है। कार्नी ने कहा कि कनाडा, कनाडा-अमरीका-मेक्सिको व्यापार समझौते के तहत अपने दायित्वों का सम्मान करता है और अन्य दो पक्षों को सूचित किए बिना मुक्त व्यापार समझौता नहीं करेगा।
ओटावा और बीजिंग ने इस महीने की 16 तारीख को एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसमें दोनों पक्षों ने चुनिंदा वस्तुओं पर शुल्क कम किए। समझौते के अंतर्गत कनाडा हर साल 49 हजार चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों को छह दशमलव एक प्रतिशत की कम दर पर बाजार में आने की अनुमति देगा, जबकि इससे पहले अक्टूबर 2024 में अमरीका के साथ मिलकर ऐसे वाहनों पर टैरिफ बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया गया था। इसके बदले में, बीजिंग कैनोला बीज के तेल सहित कनाडाई कृषि निर्यात पर शुल्क में कटौती करेगा, इससे टैरिफ एक मार्च से 85 प्रतिशत से घटकर 15 प्रतिशत हो जाएगा।