चम्पाई सोरेन ने राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायकों के साथ राजभवन पहुंच चुके हैं। वे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के विधायकों की आज हुई बैठक में श्री सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया। कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव ने इसकी जानकारी दी।
गौरतलब है कि जमीन घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा इस वर्ष इकतीस जनवरी को गिरफ्तार किए जाने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था। झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा अठाइस जून को जमानत मिलने के बाद फिर से उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने पर सत्ता पक्ष के विधायकों की आज हुई बैठक में सहमति बनी।