चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कोठियासैंण स्थित राजकीय उद्यान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पॉलीहाउस और नर्सरी में तैयार किए जा रहे सब्जी बीज और पौध के बारे जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मुख्य उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि राजकीय उद्यान कोठियासैंण और राजकीय उद्यान जोशीमठ को हाईटेक नर्सरी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले की जनसंख्या और प्रतिदिन 300 कुंतल सब्जी की आवश्यकता को पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करते हुए जिले में ही बड़े पैमाने पर सब्जी उत्पादन शुरू किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने एनआरएलएम समूह और किसानों को प्रशिक्षण देकर सब्जी उत्पादन से जोड़ने पर जोर दिया। मुख्य उद्यान अधिकारी ने बताया कि राजकीय उद्यान कोठियाल सैण में प्रो-ट्रे, वर्मीकुलाइट, परलाइट, कम्पोस्ट और सब्जी बीज खरीद के पहले चरण में तीन लाख सब्जी पौध तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान करीब 30 लाख लोग जिले में प्रवास करते है। इस दौरान सब्जी की मांग को पूरा करने के लिए मशरूम, मटर, बीन्स आदि सब्जी उत्पादन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए जोशीमठ, दशोली और गैरसैंण क्षेत्र में 25-25 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सब्जी उत्पादन का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।