दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका तथा तमिलनाडु तट पर बने चक्रवाती तूफान दित्वा की रफ्तार पिछले 6 घंटों में धीमी हो गई है। पाँच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान उसी क्षेत्र में केंद्रित है। चक्रवाती तूफान कारइक्काल से लगभग 90 किलोमीटर पूर्व, नागपट्टिनम जिले के वेदारण्यम से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व, पुद्दुचेरी से 160 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और चेन्नई से 260 किलोमीटर दक्षिण में केन्द्रित है।
अगले 24 घंटों में इसके उत्तरी तमिलनाडु-पुद्दुचेरी तट ओर बढ़ने की संभावना है। उत्तर की ओर बढ़ते हुए, चक्रवाती तूफान आज सुबह तमिलनाडु-पुद्दुचेरी तट से कम से कम 50 किलोमीटर और शाम को 25 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर केंद्रित रहेगा।
वहीं चक्रवात की गति धीमी होने के कारण रेड अलर्ट की चेतावनी वापस ली जा सकती है। चेन्नई, चेंगलपेट, कांचीपुरम, डेल्टा क्षेत्रों और कुछ आंतरिक जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। श्रीलंका के लिए हवाई यातायात बहाल कर दिया गया है।