चंबा जिला में शारदीय नवरात्रों की धूम है। इस दौरान जहां जिला के मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया है वहीं मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं। आज दूसरा नवरात्र है तथा मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जा रही है। नवरात्रों के चलते चंबा जिला मुख्यालय स्थित बाबा श्री चंद मंदिर परिसर में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई है। इस अवसर पर विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया। इस आकर्षक मां की मूर्ति के दर्शन हेतु काफी संख्या में यहां भक्तजन पहुंच रहे हैं। नवरात्रों के पश्चात इस मूर्ति का रावी नदी में विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर पंडित राकेश शर्मा ने सभी चंबा वासियों को नवरात्रों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा श्री चंद मंदिर परिसर में यह मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की गई है जिसके दर्शन हेतु भक्तजन यहां पहुंच रहे हैं। उनके अनुसार नवरात्र के दौरान जिला के अन्य मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई तथा कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं। चारों तरफ भक्तिमय माहौल है तथा सभी देवालयों में पूजा अर्चना चल रही है।
वहीं इस अवसर पर शास्त्री अरविंद शर्मा ने कहा कि नौ दिनों तक मां के विभिन्न रूपों की पूजा नवरात्रों के दौरान की जाती है। नवरात्र के उपलक्ष्य में बाबा श्री चंद महाराज के मंदिर परिसर में मां दुर्गा की मूर्ति भी स्थापित की गई है। उनके अनुसार जगह जगह माता की पूर्जा अर्चना इन दिनों की जा रही है तथा भक्तजन इसमें बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल एक प्रांत या स्थान विशेष का कल्याण करना ही नहीं बल्कि विश्व कल्याण की भावना से आे प्रोत होकर यह पूजा अर्चना की जा रही है ताकि विश्व में शांति कायम रह सके।