नौसेना शनिवार को गोवा के नौसेना युद्ध महाविद्यालय में गोवा समुद्री सम्मेलन का आयोजन करेगी। यह सम्मेलन का पाँचवाँ संस्करण है। इसका उद्देश्य भारत और हिंद महासागर क्षेत्र के समुद्री देशों के बीच सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देना है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सम्मेलन में मुख्य अतिथि होंगे। नौसेना प्रमुख दिनेश कुमार त्रिपाठी, बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, केन्या, मेडागास्कर, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, थाईलैंड और तंजानिया सहित 14 देशों के नौसेना प्रमुखों, समुद्री बलों के प्रमुखों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मेजबानी करेंगे।
इस द्विवार्षिक सम्मेलन में प्रख्यात वक्ता और विषय-विशेषज्ञ गहन विचार-विमर्श करेंगे। सेवानिवृत्त नौसेना प्रमुख अरुण प्रकाश मुख्य भाषण देंगे।