अक्टूबर 4, 2025 9:57 अपराह्न

printer

गोवा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2,452 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज गोवा के तालेगाओ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में राज्य सरकार के प्रमुख कल्याणकारी कार्यक्रम माझे घर’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना का उद्देश्य सरकारी और सामुदायिक भूमि पर बने घरों को नियमित करने और लंबे समय से रह रहे निवासियों को मालिकाना हक प्रदान करना है। उन्होंने आज 2,452 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।

अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपद नाइक और राजस्व मंत्री अटानासियो मोनसेरेट सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ‘माझे घर’ योजना का उद्घाटन किया।

 इस अवसर पर, भूमि नियमित करने के प्रावधानों के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, आदेश और सनद वितरित किए गए। इस अवसर पर माझे घर का कानूनी और प्रशासनिक संग्रह भी लॉन्च किया गया।

अपने संबोधन में, श्री शाह ने कहा कि “माझे घर” योजना संवेदनशील सरकार की पहचान है और सुधारों के प्रति तत्परता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कानूनी विसंगतियों को दूर करके, गोवा सरकार ने आज 11 लाख लोगों को मालिकाना हक दिया है और इससे गोवा की लगभग आधी आबादी को लाभ होगा।

केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य भर में कई प्रमुख बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

आज जिन अन्य पहलों का उद्घाटन किया गया, उनमें उत्तर और दक्षिण गोवा दोनों जिलों के लिए ई-गवाह कक्ष, गोवा पुलिस मोबाइल ऐप, 1930 साइबर हेल्पलाइन क्लाउड कॉल सेंटर और मोबाइल फोरेंसिक वैन शामिल हैं।

‘माझे घर’ योजना एक ऐतिहासिक आवास सुधार है जिसका उद्देश्य गोवा के हज़ारों परिवारों के लिए सम्मान, स्थिरता और कानूनी स्वामित्व सुनिश्चित करना है।