गोवा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट-ए.एस.डी.डी श्रेणी के लगभग एक लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए है, जबकि एक लाख 82 हजार ए.एस.डी.डी मतदाताओं की जानकारी डेटाबेस में नही मिली हैं।
सभी ए.एस.डी.डी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, जिसमें उन्हें 13 निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक के साथ सुनवाई के लिए उपस्थित होना होगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सीमित सुनवाई होगी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी उसी दिन मतदाता सूची में शामिल करने या हटाने का निर्णय लेंगे।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विदेश में काम करने वाले मतदाता सुनवाई अवधि के दौरान फॉर्म – 6 और अन्य दस्तावेजों के माध्यम से अपनी मतदाता स्थिति में सुधार कर सकते हैं। मतदाता सूची के मसौदे के प्रकाशन के 20 दिन बाद सुनवाई शुरू होगी। मामूली सुधारों को छोड़कर मतदाता सूचियों को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है।
मसौदा सूची, ए.एस.डी.डी सूची के साथ 16 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी और मतदान केंद्रों, चुनाव कार्यालयों और वेबसाइटों पर उपलब्ध होगी। दावे और आपत्तियां 15 जनवरी तक दर्ज की जा जा सकेंगी। इसके बाद नोटिस जारी कर सुनवाई होगी। अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।