मार्च 26, 2024 7:02 अपराह्न

printer

गोरखपुर और इसके आसपास के जिलों में आज होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया

गोरखपुर और इसके आसपास के जिलों में आज होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगा कर बधाई दी और फाग गीतों पर जगह जगह थिरकते नजर आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में होलिका दहन की राख से तिलक लगा कर होली की शुरूआत की। उन्होंने गुरू गोरक्षनाथ की पूजा अर्चना के बाद गायों को तिलक लगा कर गुड़ और चना भी खिलाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोरखपुर शहर के घंटाघर क्षेत्र में आयोजित भगवान नरिंसह शोभायात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान नरसिंह की आरती उतारी और रंग गुलाल के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री ने फाग गीतों का भी आनंद लिया। भगवान नरसिंह की परम्परागत शोभायात्रा का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ करता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से पूरे देश के भीतर सनातन धर्मावलंबी होली जैसे पर्व के जरिये समृद्ध विरासत का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने बिना सहमति के रंग न खेलेने की भी सलाह दी।

उधर, बलरामपुर जिले के तुलसीपुर नगर स्थित देवीपाटन शक्तिपीठ पर होली के दूसरे दिन विशाल शोभायात्रा निकाली गयी। इसमें श्रद्धालुओं ने एक दूसरे के साथ अबीर गुलाल और फूलों की होली खेली।