प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सूचना तथा प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को आज उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जयललिता ने एक करिश्माई नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में अनगिनत लोगों पर प्रभाव छोड़ा। उनके राजनीतिक जीवन की सराहना करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनका जीवन अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से भरा था। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कल्याणकारी शासन का नेतृत्व किया।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि गरीबों के कल्याण और महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने तमिलनाडु के विकास को नया आयाम दिया और सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया। श्री शाह ने कहा कि जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. मुरुगन ने तमिलनाडु के विकास में जयललिता के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. जयललिता ने स्वयं को जनसेवा के लिए समर्पित किया और आम जनता के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक कल्याण योजनाएं शुरू कीं।