जनवरी 30, 2026 9:27 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह का असम दौरा: 1,715 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के असम दौरे पर हैं। डिब्रूगढ़ जिले में उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने धेमाजी जिले में ताकम मिसिंग पोरिन केबांग युवा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्‍सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद थे।

10वें मिसिंग युवा महोत्सव को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे इस समुदाय के इतने रंगारंग कार्यक्रम में शामिल होकर बहुत प्रसन्‍न हैं। श्री शाह ने मिसिंग समुदाय की संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण के लिए उनके कार्य की सराहना की।

गृह मंत्री ने बताया कि इस समुदाय के युवाओं के लिए जल्द ही विशेष भर्ती अभियान शुरू किया जाएगा।

श्री शाह ने बताया कि उन्होंने आज डिब्रूगढ़ में बाढ़ और कटाव नियंत्रण की पहल शुरू की है। उन्‍होंने कहा कि असम सरकार ने 200 प्राइमरी स्कूलों में मिसिंग भाषा को पढ़ाई के माध्यम के रूप में शुरू किया है। कार्यक्रम के बाद, गृह मंत्री ने वहां भारतीय जनता पार्टी-भाजपा के पदाधिकारियों से भी बातचीत की।

गृह मंत्री अमित शाह ने आज सुबह मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा की मौजूदगी में डिब्रूगढ़ जिले में 1 हजार 715 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

गृह मंत्री ने डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर, विधायक हॉस्टल और वन्यजीव स्वास्थ्य और अनुसंधान संस्थान का शिलान्यास किया। उन्होंने डिब्रूगढ़ में एक मल्टी-डिसिप्लिनरी स्टेडियम के पहले चरण का उद्घाटन किया। गृहमंत्री ने उस स्टेडियम की बैठने की क्षमता बढ़ाने के लिए शिलान्यास भी किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष के तहत असम के वेटलैंड्स के जीर्णोद्धार और कायाकल्प के लिए परियोजना का शुभारंभ किया।

डिब्रूगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यह राज्य के लोगों, विशेषकर ऊपरी असम के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि असम विधानसभा का दूसरा परिसर डिब्रूगढ़ में बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार असम के विकास के लिए बुनियादी ढांचा परियोजना ला रही है। श्री शाह ने कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में असम के कम विकास के लिए आलोचना की। 

उन्‍होंने कहा कि पहले असम हिंसा और अशांति के लिए जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार के नेतृत्‍व में यह राज्य अब शांति और विकास के लिए जाना जाता है। बाद में केंद्रीय गृह मंत्री प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी सदस्यों के साथ चर्चा करने के लिए गुवाहाटी जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री असम में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे।