फ़रवरी 5, 2026 7:14 पूर्वाह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर, सुरक्षा-विकास पर होगी हितधारकों से बैठक

गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के दौरे पर आज जम्‍मू-कश्‍मीर जाएंगे। वे सुरक्षा स्थिति की व्‍यापक समीक्षा करेंगे, विकास परियोजनाओं का आकलन करेंगे और राजनीतिक हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। श्री शाह शाम पांच बजे जम्‍मू पहुंचेंगे और राजनेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनके, सुरक्षा एजेंसियों के साथ कानून व्‍यवस्‍था की स्थिति का मूल्‍यांकन करने और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जारी ढांचागत पहल की प्रगति के बारे में उच्‍च स्‍तरीय बैठक करने की संभावना है।

 गृह मंत्री कल कठुआ जिले के हीरा नगर में अंतरराष्‍ट्रीय सीमा पर जाएंगे और सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल द्वारा लगाए गए नए उपकरणों का निरीक्षण करेंगे। गृह मंत्री दोपहर में जम्‍मू के लोक भवन में सुरक्षा स्थिति के बारे में उच्‍चस्‍तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।

गृह मंत्री सात फरवरी को जम्‍मू से श्रीनगर के लिए रवाना होंगे जहां वे जम्‍मू-कश्‍मीर की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। उसी दिन दोपहर में श्री शाह श्रीनगर से छत्‍तीसगढ़ में रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

गृह मंत्री की पिछले एक महीने से कम समय में जम्‍मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर ये दूसरी उच्‍चस्‍तरीय समीक्षा बैठक होगी। इससे पहले उन्‍होंने आठ जनवरी को नई दिल्‍ली में एक बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी।