गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम के कामरूप मेट्रो जिला के कचुटोली में 10वीं असम पुलिस बटालियन के नए परिसर की आधारशिला रखी। इसकी परियोजना की लागत 260 करोड़ रुपये से अधिक है। इस अवसर पर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा तथा पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद थे।
जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पांच वर्षों के भीतर असम भारत का औद्योगिक केंद्र बन जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र ने राज्य में अवसंरचना विकास के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा के 10 वर्षों के शासनकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अब बड़े औद्योगिक घराने असम का रुख कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने असम की उपेक्षा करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने बताया कि केंद्र ने पिछले 10 वर्षों में असम के लिए 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए हैं। इससे पहले गृह मंत्री गुवाहाटी में सीआरपीएफ के 87वें स्थापना दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।