गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव ने आज नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने बताया कि इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-गुयाना संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
यूपीआई के माध्यम से डिजिटल शासन और वित्तीय समावेशन में भारत की तेज प्रगति पर डॉ. जगदेव ने गुयाना में भी इसी तरह के मॉडल लागू करने की संभावना पर चर्चा की। गुयाना के प्रतिनिधिमंडल ने भारत के ई-माइग्रेट प्लेटफॉर्म और भारतीय तकनीकी तथा आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम में भी रुचि दिखाई।
श्री राधाकृष्णन ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य सेवा प्रशासन, कृषि अनुसंधान और दोनों देशों के बीच आवाजाही और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाने के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं का भी पता लगाया। आईटी, नीली अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, अंतरिक्ष, रक्षा, शिक्षा, जैव विविधता और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्रों में संभावित साझेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।