गुजरात में आज राजकोट में आयोजित एक कार्यक्रम में नागरिकता संशोधन अधिनियम- सीएए के तहत 185 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई। गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने इनको नागरिकता प्रमाण पत्र प्रदान किए। ये लोग पाकिस्तान से विस्थापित होकर कच्छ, मोरबी और राजकोट ज़िलों में बस गए थे। श्री सांघवी ने नए नागरिकता प्राप्त नागरिकों को सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और वादा किया कि उन्हें सभी संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। समारोह के दौरान, लाभार्थियों ने सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।