गुजरात की 26 में से 25 लोकसभा सीटों पर कल मतदान होगा। साथ ही पांच विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए कुल 265 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि पांच विधानसभा सीटों पर 24 उम्मीदवार चुनाव लड रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह गांधीनगर में वोट डालेंगे। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इस बार भी 2014 और 2019 के अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराना चाहती है, जबकि कांग्रेस सत्ता में आने की पुरजोर कोशिश कर रही है। राज्य की 24 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड रही है जबकि दो सीटों पर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार खडे किये हैं।
चुनाव लड रहे प्रमुख उम्मीदवारों में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, परषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया, देवुसिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल शामिल हैं।