गुजरात आतंकरोधी दस्ते-एटीएस ने जाली नोटों का रैकेट चला रहे अलकायदा से जुड़े चार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। एटीएस के उप महानिरीक्षक सुनील जोशी ने अहमदाबाद में मीडिया को बताया कि आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और संदिग्ध एप्लीकेशन से आतंकी विचार धारा फैला रहे थे। अलकायदा की विचारधारा के प्रसार और देश के खिलाफ दुष्प्रचार में लगे पांच इंस्टाग्राम अकाउंट का सुराग मिलने पर जांच शुरू की गई। अभियान के दौरान आपराधिक डिजिटल सबूत भी मिले हैं।
श्री जोशी ने बताया कि कि आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम और नई भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप दर्ज किये गए हैं। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को कल अदालत में पेश किया गया और पेशी के बाद 14 दिनों की हिरासत में भेज दिया गया। अन्य दो आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।