नवम्बर 27, 2025 8:44 पूर्वाह्न

printer

गिनी-बिसाऊ में सैन्य अधिकारियों के एक समूह ने देश पर नियंत्रण का दावा किया

गिनी-बिसाऊ में राष्ट्रपति उमारो सिसोको एम्बालो की गिरफ्तारी की खबरों के बीच, सैन्य अधिकारियों के एक समूह ने कहा है कि उन्होंने देश पर नियंत्रण कर लिया है। अधिकारियों ने सरकारी टेलिविजन पर कहा कि उन्होंने चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी है, क्योंकि इस पश्चिम अफ्रीकी देश में रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के परिणाम आने वाले थे। अधिकारियों ने कहा कि देश को अस्थिर करने की साजिश को नाकाम करने के लिए उन्‍होंने ये कदम उठाया है। देश की सीमाओं को बंद करने और रात में कर्फ्यू लगाने की भी घोषणा की गई है।

सेनेगल और गिनी के बीच स्थित, तख्तापलट की आशंका वाला यह देश मादक पदार्थों की तस्करी के केंद्र के रूप में जाना जाता है, जहाँ 1974 में पुर्तगाल से आज़ादी के बाद से सेना का दबदबा रहा है। पिछले पाँच दशकों में गिनी बिसाऊ में कम से कम नौ तख्तापलट हुए या तख्तापलट के प्रयास हुए हैं।