फ़रवरी 17, 2026 11:07 पूर्वाह्न

printer

गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद के चुनाव 10 अप्रैल को

गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद के चुनाव 10 अप्रैल को होंगे। शिलांग में आयोजित मेघालय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

कैबिनेट मंत्री वायलादमिकी शाइल्ला ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों से अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए अधिसूचना 9 मार्च को जारी की जाएगी।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मार्च दोपहर 3 बजे तक है।वहीं, नामांकन पत्रों की जांच उसी दिन दोपहर 3 बजे के बाद की जाएगी।

उम्मीदवार 17 मार्च दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। वैध नामांकन पत्रों की अंतिम सूची और चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 मार्च को किया जाएगा।

मतदान 10 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 14 अप्रैल को होगी। राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। नेशनल पीपुल्स पार्टी-एनपीपी ने अधिकांश सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

इस बीच, राज्य मंत्रिमंडल ने राज्य रोजगार आरक्षण नीति पर विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है। यह रिपोर्ट बुधवार को विधानसभा में पेश की जाएगी। इससे पहले, वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी-वीपीपी ने इसकी आलोचना की थी।

सेवानिवृत्त – न्यायमूर्ति एम. सी. गर्ग की अध्यक्षता वाली समिति ने पिछले वर्ष जून में रिपोर्ट सौंपी थी। 2023 में गठित इस समिति ने मौजूदा आरक्षण ढांचे की समीक्षा की थी।

इसके तहत खासी-जयंतिया और गारो समुदायों को 40-40 प्रतिशत, अन्य अनुसूचित जनजातियों और अनुसूचित जातियों को 5 प्रतिशत और अनारक्षित वर्ग को 15 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

एक अन्य निर्णय में, मंत्रिमंडल ने मेघालय पुलिस अधिनियम, 2010 के प्रावधानों के तहत एक पुलिस जवाबदेही आयोग की स्थापना को मंजूरी दी।

सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पीटर इंग्टी इसके अध्यक्ष होंगे। वहीं, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वी. आर. सिएम आयोग के सदस्य होंगे।

मंत्रिमंडल ने मेघालय पुलिस अधिनियम, 2010 में संशोधनों को भी मंजूरी दे दी है और पुनर्गठन प्रकोष्ठ को गृह (राजनीतिक) विभाग में स्थानांतरित करने की स्वीकृति भी दी है।

 

 

 

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला