गाम्बिया ने कहा है कि वह कैमरून के विपक्षी नेता इस्सा चिरोमा बाकरी की अस्थायी रूप से मेज़बानी कर रहा है। उनके देश में हुए एक विवादित चुनाव में राष्ट्रपति पॉल बिया ने आठवीं बार जीत हासिल की थी, जिसके बाद वहाँ भारी विरोध प्रदर्शन हो रहे है। गाम्बिया के सूचना मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि श्री चिरोमा इस महीने की 7 तारीख को इस छोटे से पश्चिम अफ्रीकी देश में पहुँचे थे। मंत्रालय ने कहा कि उनकी मेज़बानी केवल मानवीय आधार पर और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। बयान में आगे कहा गया है कि गाम्बिया, कैमरून में चुनाव के बाद के तनाव के शांतिपूर्ण और बातचीत के ज़रिए समाधान निकालने के लिए नाइजीरिया जैसे क्षेत्रीय साझेदारों के साथ काम कर रहा है।
मध्य अफ्रीकी देश में 12 अक्टूबर को हुए इस चुनाव में दुनिया के सबसे उम्रदराज़ 92 वर्षीय राष्ट्रपति श्री बिया ने जीत हासिल की, विपक्ष ने नतीजों को चुनौती दी है। जिसमें उनके चुनावी प्रतिद्वंद्वी चिरोमा ने चुनाव जीतने का दावा किया है और कैमरूनवासियों से आधिकारिक नतीजों को अस्वीकार करने का आह्वान किया है। चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद, विपक्ष के प्रमुख गढ़ों में भारी विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई। कैमरून सरकार ने कहा है कि वह विपक्षी नेता के खिलाफ बार-बार विद्रोह का आह्वान करने के लिए कानूनी कार्रवाई शुरू करने की योजना बना रही है। राष्ट्रपति बिया पहली बार 1982 में कैमरून के पहले राष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद सत्ता में आए थे और तब से शासन कर रहे हैं, बाद में उन्हें एक संवैधानिक संशोधन का लाभ मिला जिसने कार्यकाल सीमा को समाप्त कर दिया।