जनवरी 23, 2026 6:07 अपराह्न

printer

गणतंत्र दिवस पर भारतीय सेना प्रस्तुत करेगी ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित झांकी

77वें गणतंत्र दिवस परेड समारोह में भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक झांकी प्रस्तुत करेगी, जिसमें देश की विजय और इस ऑपरेशन में प्रदर्शित तीनों सेनाओं की एकजुटता को दर्शाया जाएगा।

आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्ली उपक्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल नवराज ढिल्लों ने बताया कि भारतीय सेना पहली बार बैटल ऐरे फॉर्मेशन का प्रदर्शन करेगी, जिसमें टैंक, मिसाइल प्रणाली, ड्रोन और बख्तरबंद प्लेटफॉर्म के साथ समन्वित युद्धाभ्यास प्रदर्शित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार चौथी बार परेड की अगुवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि परेड में लगभग छह हजार 50 सैन्यकर्मी भाग लेंगे। मेजर जनरल ढिल्लों ने बताया कि भैरव बटालियन और शक्तिबान रेजिमेंट पहली बार लद्दाख स्काउट्स के साथ परेड में भाग लेंगे। पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में पशु दस्‍ता भी शामिल होगा।

    एयर कमोडोर मनीष सभरवाल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित झांकी में सुखोई-30 द्वारा ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतीकात्मक प्रक्षेपण दिखाया जाएगा, जिसने पाकिस्तानी वायु सेना के एक अड्डे को नष्ट कर दिया था। इसमें वायु रक्षा उपकरण, जैसे कि एस-400, का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसने विश्व की सबसे लंबी दूरी से पाकिस्तानी वायु सेना के एक विमान को मार गिराया था। एयर कमोडोर मनीष सभरवाल ने कहा कि यह एक बार फिर देश के इस संकल्प को उजागर करने के लिए है कि यदि हम सब मिलकर लड़ेंगे, तो जीत निश्चित है।