जनवरी 25, 2026 9:00 अपराह्न

printer

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भव्य परेड, यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता होंगे मुख्य अतिथि

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोनों नेताओं की आगामी चर्चा भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करेगी।

इससे पहले, श्री कोस्टा का आज भारत की राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत किया गया। वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर श्री कोस्टा और सुश्री लायन का गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

श्री कोस्टा और सुश्री फॉन डेर लायन कल कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा आज नई दिल्ली पहुंचे हैं। जबकि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन और यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष तथा विदेश मामलों और सुरक्षा नीति के लिए यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि काया कलास कल भारत पहुंची थीं। यह यात्रा अहम मानी जा रही है। इस यात्रा के दौरान, दोनो देशों के नेता भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत की यूरोपीय संघ के साथ भागीदारी आगामी भारत-यूरोपीय शिखर सम्मेलन और चल रहे मुक्त व्यापार समझौते के अनुरूप उसकी रणनीतिक प्राथमिकताओं को दर्शाती है।

वर्ष 2024 तक, यूरोपीय संघ में 9 लाख 31 हजार से अधिक भारतीय निवास कर रहे थे, जिनमें 16 हजार से अधिक ब्लू कार्ड धारक शामिल थे। पिछले दो दशकों में, 6 हजार से अधिक भारतीय छात्रों को इरास्मस मुंडस छात्रवृत्ति मिली है, जो भारत-यूरोपीय संघ के बीच आवागमन और शैक्षिक संबंधों को रेखांकित करता है।