मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर लगातार चौथी बार हरियाणा की झांकी प्रदर्शित की जाएगी।
आज चंडीगढ़ में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार यह झांकी गणतंत्र दिवस समारोह में नई दिल्ली कर्त्तव्य पथ पर प्रदेश की समृद्धि, विरासत और विकास का अलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने कहा कि झांकी में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन के माध्यम से मानवता को दिए गए गीता के दिव्य संदेश के रूप में जहां हमारी समृद्ध विरासत को दर्शाया गया है वहीं तकनीकी व नवाचार के क्षेत्र में हरियाणा के निरंतर विकास व खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते हरियाणा की खेल शक्ति की नई झलक भी दिखाई देगी।