प्रदेश में कल गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह परेड की सलामी लेने के साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों और अन्य लोगों को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सभी जिला मुख्यालयों और सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। इस बीच, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र सहित प्रदेश के सभी सरकारी संस्थानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।