मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि गंगा कॉरिडोर की तर्ज पर चंपावत में शारदा कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चंपावत के बनबसा में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम में ये बात कही।
इस अवसर पर उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिक अपने सेवाकाल में देश की रक्षा करता है और जब वे सेवानिवृत्त हो जाता है, तो वह समाज सेवा में जुट जाता है।
श्री धामी ने कहा कि कोई भी सैनिक भूतपूर्व नहीं होता है वे हमेशा ही देश की सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाला वीर सैनिक होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारजनों की समस्याओं के निदान के लिए सरकार तत्परता से कार्य कर रही है।
राज्य सरकार अनेक विकास कार्य वीर सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में कर रही है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की ओर से लगाए गये स्टालों का निरीक्षण किया और लोगों से स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की। कार्यक्रम में स्टॉल लगाए सीमा देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके स्टाल की सराहना की और हस्त निर्मित कैरी बैग खरीदा।