मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेल, शिक्षा का ही एक अभिन्न हिस्सा है। खेल और खिलाडियों का विकास हमेशा ही हमारी सरकार की प्राथमिकता में रहा है। सरकार इनके विकास में कोई कसर नहीं रखेगी। मुख्यमंत्री कल मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश ओलंम्पिक संघ की वार्षिक साधारण सभा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सांसद खजुराहो एवं मप्र ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश मेंदोला मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जिला एवं राज्य स्तरीय ओलम्पिक खेल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय ओलम्पिक खेलों के आयोजन से प्रदेश की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को भी आगे आने का सुनहरा मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, मेडिकल एजुकेशन, टेक्निकल एजुकेशन में अध्ययनरत विद्यार्थियों की रुचि के खेलों और खेल मैदानों के विकास के लिए समन्वित प्रयास करेगी।