खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि पहाड़ी जिलों के मुख्यालयों में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए सरकार विशेष प्रयास कर रही है। इस मुद्दे को भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे के दौरान उनके समक्ष रखा जाएगा। इस दिशा में अधिकारियों को तैयारी के निर्देश भी दिए गए हैं। देहरादून के रायपुर स्थित राष्ट्रीय खेल सचिवालय में खेल मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खेलों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बैठक आयोजित की गई।
श्रीमती आर्या ने कहा, राज्य सरकार का प्रयास है कि पिट्ठू, मलखंभ और राफ्टिंग जैसे पारंपरिक खेलों को प्रदर्शन खेलों की बजाय पदक खेलों में शामिल किया जाए। बैठक में खेल मंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के लिए आयोजित शिविरों की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और शेष बचे शिविरों को जल्द आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों और पूर्व में दिए गए आदेशों की समीक्षा भी की। साथ ही हल्द्वानी के गौलापार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की प्रगति की जानकारी ली।