सितम्बर 28, 2024 5:01 अपराह्न

printer

खंड विकास समिति चौंतड़ा की त्रैमासिक बैठक आयोजित, विभिन्न मदों पर हुई चर्चा

खंड विकास समिति चौंतड़ा की त्रैमासिक बैठक आज बी.डी.ओ. कार्यालय परिसर चौंतड़ा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करने के साथ-साथ गत त्रैमासिक आय-व्यय पर भी विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति की अध्यक्षा रमा देवी ने की।
बैठक में समिति की अध्यक्षा रमा देवी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से पंचायत समिति सदस्यों द्वारा डाले गए विभिन्न विकास कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने का आग्रह किया ताकि लोगों को इन विकास कार्यों का लाभ मिल सके। इसके अलावा सभी लंबित विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा ताकि इन विकास कार्यों के लिए रखी धनराशि को समय सीमा के भीतर खर्च किया जा सके।

 

उन्होंने खंड विकास समिति की बैठक में सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से उपस्थित रहने का भी आग्रह किया ताकि जन हित व विकास से जुड़े कार्यों पर उचित निर्णय लिए जा सकें। बैठक में पंचायत समिति के विभिन्न सदस्यों ने अपने वार्ड से संबंधित विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा तथा इनका समयबद्ध हल करने को कहा।

विभागीय अधिकारियों ने बताई सरकार की योजनाएं, हिम समाचार एप्प को भी करवाया डाउनलोड

बैठक के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, बागवानी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने पंचायत समिति सदस्यों से इन योजनाओं के साथ ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों एवं परिवारों को जोड़ने का आह्वान किया।

 

इस दौरान सूचना एवं जन संपर्क विभाग के माध्यम से चलाई जा रही प्रदेश सरकार की हिम समाचार एप्प की जानकारी को भी साझा किया तथा इसे डाउनलोड भी करवाया। इस एप्प के माध्यम से जहां प्रतिदिन प्रदेश सरकार की विभिन्न गतिविधियों एवं निर्णयों की जानकारी उपलब्ध रहती है तो वहीं विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी भी हासिल की जा सकती है।