कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा है कि कौशल भारत योजना के अंतर्गत अब तक एक करोड 46 लाख से अधिक लोगों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया गया है। नई दिल्ली में आज विश्व युवा कौशल दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में भारत ने विशेष रूप से बेहतर कार्य किया है। इसी उद्देश्य से दस वर्ष पहले विशेष मंत्रालय का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों से सीख लेते हुए उनका मंत्रालय कुछ और समावेशी योजनाएं बनायेगा ताकि वर्ष 2047 में भारत विकास राष्ट्र बनने में योगदान कर सके। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय शांति और विकास है। उन्होंने कहा कि शांति से ही विकास हो सकता है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने उन युवाओं से विचार विमर्श किया जिन्होंने कौशल विकास का प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने प्रशिक्षण देने वालों की भी सराहना की।