भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आज सेवा पर्व अभियान के अन्तर्गत कोलकाता और सिलीगुड़ी में नमो मैराथन का आयोजन किया। भाजपा 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन मना रही है। यह 2 अक्टूबर को समाप्त होगा।
नमो मैराथन का उद्देश्य नशामुक्त भारत बनाना है। यह मैराथन कोलकाता के शिमला क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद के घर से शुरू होकर श्यामबाजार क्षेत्र के नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर समाप्त हुई। इस अवसर पर भाजपा नेता और केंद्रीय शिक्षा तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और युवा मोर्चा अध्यक्ष इंद्रनील खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।