अगस्त 8, 2025 10:46 पूर्वाह्न

printer

कोलंबिया में आयोजित 38वें बोगोटा अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला 2026 में भारत विशिष्ट अतिथि देश के रूप में लेगा भाग

भारत, कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में आयोजित 38वें बोगोटा अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला 2026 में विशिष्ट अतिथि देश के रूप में भाग लेगा। यह मेला दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगा। कोलंबिया में भारतीय राजदूत वनलालहुमा ने आभार व्यक्त करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि साहित्यिक आदान-प्रदान गहरे संबंधों और लोगों के बीच आपसी संपर्क के लिए एक सेतु का काम करेगा। कोलंबियाई बुक चैंबर और कॉर्फेरियास बोगोटा 1988 से ही अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन करते आ रहे हैं। यह एक ऐसा गठबंधन है जिसने इस सांस्कृतिक आयोजन को स्पेनिश भाषी दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक बना दिया है। कोलंबिया के संस्‍कृति मंत्री सहित कई अन्‍य मंत्री, पुस्‍तक मेले के निदेशक, कॉर्फेरियास के अध्यक्ष और कोलंबियाई बुक चैंबर के कार्यकारी अध्यक्ष सहित इस घोषणा समारोह में शामिल थे। भारत के राष्ट्रीय पुस्तक न्यास ने इस वर्ष 25 अप्रैल से 11 मई तक आयोजित 37वें बोगोटा अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले 2025 में पहली बार भारत की पुस्तकों की एक सामूहिक प्रदर्शनी प्रदर्शित की।