छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत माखुरपानी के गढ़कटरा गांव में शुक्रवार की बीती रात दंतैल हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला पहाड़ी कोरवा की मौत हो गई। वहीं, हाथी ने दो मवेशियों को भी मार डाला। इसके कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला अपने घर में सोई हुई थी।
इस दौरान हाथी ने घर को तोड़कर महिला पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया।
इस बीच, बालको वनक्षेत्र के रेंजर जयंत सरकार ने बताया कि दंतैल हाथी गांव के आसपास विचरण कर रहा है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से चुईया-अगरबाहर से सतरेंगा जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं।