कैमूर जिले के पांच नगर निकायों के लिए 4.34 करोड़ रुपये की स्वीकृति
बिहार में कैमूर जिले के पांच नगर निकायों को मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत चार करोड़ 34 लाख रुपये की वित्तीय मदद मिलेगी। कैमूर के कलेक्ट्रेट सभागार भवन में आज नगर विकास एवं आवास मंत्री सह कैमूर जिले के प्रभारी मंत्री नितिन नवीन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। इस दौरान मंत्री ने कैमूर वासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत कैमूर जिले को 4.34 करोड़ की राशि को स्वीकृति दी। इस संबंध में मंत्री ने बताया कि शहरों के विकास के लिए मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत हर जिले को राशि अवंटित की जा रही है। इसका उद्देश्य है कि इस योजना के जरिये शहर को विकसित और व्यवस्थित बनाया जाए।
भभुआ नगर परिषद को 1.59 करोड़ रुपये, मोहनियां नगर पंचायत के लिए 1 करोड़ 45 हजार, कुदरा नगर पंचायत के लिए 69 लाख 30 हजार, रामगढ़ नगर पंचायत के लिए 57 लाख 68 हजार और हाटा नगर पंचायत के लिए 47 लाख की राशि अवंटित की गयी है।