अगस्त 26, 2025 6:19 अपराह्न

printer

कैट ने वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया

राजधानी के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स-कैट ने आज वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी में और सुधार करने के संबंध में एक व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में देशभर के व्यापारी, कर विशेषज्ञ और नीति-निर्माता एकत्रित हुए और जीएसटी को अधिक सरल, पारदर्शी तथा व्यापारी-हितैषी बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए सांसद और कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने वर्तमान जीएसटी व्यवस्था में व्यापारियों को हो रही कठिनाइयों को रेखांकित किया और सुधार के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक जीएसटी संरचना अनुपालन को आसान बनाने के साथ ही, कर संग्रह को बढ़ावा देने और कर आधार का विस्तार करने में मदद करेगी, जिससे देश के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भारतिया ने कहा कि आयकर भरने को सरल बनाने, कर श्रेणी का तार्किक पुनर्गठन करने, जीएसटी पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने और छोटे व्यापारियों पर अनुपालन का बोझ कम करने जैसे अनेक मुद्दों पर इस सम्मेलन में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान व्यापारियों ने यह आम सहमति व्यक्त की कि व्यापार में बढ़ोत्तरी और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जीएसटी में सुधार करना बेहद आवश्यक हैं।