केरल में चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। लोकसभा की सभी 20 सीटों के लिए प्रचार अभियान में केवल चार दिन का समय बचा है। तीनों प्रमुख दलों के राष्ट्रीय नेता सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। आज केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता वी. के. सिंह मलप्पुरम, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी थिरूवनंतपुरम और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन कासरगोड में प्रचार अभियान में शामिल होंगे।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कल केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के लिए चुनाव प्रचार किया। चुनाव प्रचार बुधवार शाम को समाप्त हो जायेगा। केरल की 20 सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को होगा।