केरल के कई हिस्सों में आज तेज वर्षा हुई जिससे नदियों और बांधों का जलस्तर बढ गया और निचले इलाके जलमग्न हो गए। मौसम विभाग ने नौ उत्तरी जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के पांच अन्य जिलों में आज के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में 40 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
पल्लकड जिले में अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए बांधों के दरवाजे खोल दिये गये हैं। अधिकारियों ने पटनमथिट्टा और केदारगोड जिले में मणिमाला और मोगरल नदियों के लिए खतरे की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में नदियों का जल स्तर बढ गया है। इन नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी करने की सलाह दी गई है। मछुआरों को मंगलवार तक समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है।