केरल में आज तिरूओणम का त्योहार मनाया जा रहा है। यह राज्य का सबसे बड़ा सांस्कृतिक त्योहार है जिसे केरलवासी हर्षोल्लास से मनाते हैं। यह त्योहार राजा महाबली के नगर आगमन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। त्योहार के दौरान लोग विशेष परिधान और व्यंजनों का उपयोग करते हैं।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ओणम के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने संदेश में कहा है कि यह त्योहार केरल की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को मनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस त्योहार से सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि ओणम त्यौहार परंपराओं के जरिए समुदायों को एक सूत्र में बांधता है। यह त्यौहार सद्भावना और समर्पण जैसे मूल्यों से निहित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्व में मलयाली समुदाय के लोग हर्षोल्लास के साथ ओणम मनाते हैं।