केरल के मुख्य चुनाव अधिकारी रतन यू. केलकर ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर की प्रगति की समीक्षा करने के लिए मुन्नार स्थित राज्य की पहली आदिवासी पंचायत एडामलक्कुडी का दौरा किया। श्री केलकर ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र में एसआईआर संबंधी कार्यवाही 14 फरवरी तक पूरी हो जाएगी और अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने आगे कहा कि जिन मतदाताओं को अपना नाम सूची में जोड़ना है या किसी प्रकार का संशोधन करना है, वे बूथ स्तर अधिकारी -बीएलओ या चुनाव पंजीकरण अधिकारी-ईआरओ से संपर्क कर सकते हैं। विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले तक मतदाता सूची में नाम जोड़े जा सकते हैं।
श्री केलकर ने आगे कहा कि राज्य के 64 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एसआईआर सुनवाई प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।