कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज सुबह केरल में कोच्चि पहुंचेंगी और वे राज्य में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे के उम्मीदवारों के पक्ष में सभाओं को संबोधित करेंगी। उनका चलक्काकुडी और पथनमथिट्टा क्षेत्रों में भी जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। नई दिल्ली रवाना होने से पहले शाम को प्रियंका गांधी तिरुवनंतपुरम में रोड शो में भाग लेंगी।
राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन वाम लोकतांत्रिक मोर्चे के उम्मीदवारों के पक्ष में वडकारा क्षेत्र में तीन स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी का अलाप्पुझा और कोल्लम में जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। उधर प्रकाश करात कन्नूर में, तपन सेन एर्नाकुलम में, बृन्दा करात त्रिशूर में, सुभाषिनी अली मावेलीक्कारा में जनसभाओं को संबोधित करेंगी।
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता निर्मला सीतारमण आज तिरुवनंतपुरम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए प्रचार करेंगी। इस बीच भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा आज वायनाड में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के लिए प्रचार करेंगे। केरल में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। जिसके चलते यहां प्रमुख राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान पूरे जोरों पर है।